देवरिया। गुरुवार को कंगना रनौत के साथ चंडिगड़ एयरपोर्ट पर एक घटना घट गई जिसके बाद पूरा एयरपोर्ट महकमा सकते में आ गया। दरअसल सिक्योरिटी चेक से समय एक महिला CISF गार्ड ने कंगना रनौत को थप्पड़ मार दिया। बताया जा रहा है कि पहले महिला गार्ड ने कंगना से बहस की उसके बाद उन्हें थप्पड़ लगा दिया। इस घटना के बाद कंगना के फैन्स और उनके करीबी उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता में हैं।
महिला गार्ड ने बताया ऐसा करने का कारण
जिस महिला CISF गार्ड ने कंगना के साथ ऐसा व्यवहार किया उसका नाम कुलविंदर कौर है। कुलविंदर कौर ने कंगना पर हाथ उठाने का कारण उनका पंजाब में किसान आंदोलन के वक्त महिलाओं को लेकर दिया बयान बताया जा रहा है। आपको बता दें तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब के किसान आंदोलन के वक्त महिलाओं के प्रदर्शन में शामिल होने पर कंगना ने कहा था कि- “पंजाब की महिलाओं ने पैसे के लिए किसान आंदोलन में हिस्सा लिया था”
घटना पर कंगना ने जारी किया वीडियो
इस घटना के बाद कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर स्टेटस शेयर करते हुए अपनी चुप्पी तोड़ी है। वीडियो में उन्होंने कहा- “मुझे बहुत सारे फोन कॉल्स आ रहे हैं। मेरे शुभ चिंतकों और मीडिया के। मैं सुरक्षित हूं। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर आज जो हादसा हुआ वह सिक्योरिटी चेक के साथ हुआ। वहां सिक्योरिटी चेक कर जब मैं निकली तो दूसरे कमरे में सीआईएसएफ की जो सुरक्षाकर्मी थीं। उन्हें पास करने का प्रयास किया तो उन्होंने सामने से आकर मेरे चेहरे पर मारा। इसके बाद वो गालियां देने लगीं। जब उनसे पूछा कि उन्होंने ऐसा क्यों किया तो उन्होंने कहा कि वो किसान आंदोलन को सपोर्ट करती हैं। मैं सुरक्षित हूं, लेकिन मेरी चिंता ये है कि जो आतंकवाद और उग्रवाद पंजाब में बढ़ रहा है, उसे हम कैसे हैंडल करेंगे।”
विक्रमादित्य सिंह ने किया विरोध
हाल ही में हुए मंडी लोकसभा चुनाव में कंगना के प्रतिद्वंदी कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह ने भी कंगना रनौत के साथ हुई घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा- ‘ये बहुत दुर्गभाग्यपूर्ण हैं। ऐसा किसी के साथ भी नहीं होना चाहिए, खासकर एक महिला जो अब संसद की मेंबर हैं। किसान आंदोलन को लेकर सीआईएसएफ कॉन्स्टेबल की कुछ शिकायतें थीं, लेकिन किसी पर ऐसा हमला करना दुर्भाग्यपूर्ण है। हम इसकी निंदा करते हुए सरकार से इसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हैं।’