देवरिया। चैंपियंस ट्रॉफीके लिए इंडियन टीम ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शानदार खेल दिखाया। भारत ने न्यूजीलैंड को 44 रनों से हराकर टूर्नामेंट में जीत की हैट्रिक लगा दी। इस जीत के साथ ही भारत ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 249 रन का स्कोर खड़ा किया।
205 रनों में सिमटी न्यूजीलैंड की टीम
250 रनों के लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी न्यूजीलैंड की टीम केन विलियमसन के 81 रनों की भागीदारी के बाद भी 45.3 ओवर में ही ऑल आउट हो गई। न्यूजीलैंड की टीम मात्र 205 रन ही बना सकी। रचिन ने 12 गेंद में 6 रन, विल यंग ने 35 गेंदों में 22 रन, टॉम लैथम ने 14 रन, ग्लेन फिलिप्स ने 8 गेंदों में 12 रन और माइकल ब्रेसवेल ने दो रन बनाए। न्यूजीलैंड की टीम से सबसे ज्यादा रन केन विलियमसन ने जोड़े। उन्होंने 120 गेंदों में 81 रन बनाए। जबकी कप्तान मिचेल सैंटनर ने 31 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने तीन विकेट लिये। कुलदीप यादव को दो विकेट मिले। हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
भारतीय टीम की शुरुआत नहीं थी अच्छी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 6 ओवर के अंदर ही दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। शुभमन गिल सात गेंद में दो रन और रोहित शर्मा 17 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए। 300वां वनडे मैच खेलने उतरे विराट कोहली 14 गेंद में 11 रन ही बना सके। वहीं अक्षर पटेल ने 42 रन, श्रेयस अय्यर ने 79 रन, के एल राहुल ने 23 रन, जडेजा ने 16 रन, हार्दिक पंड्या ने 45 बनाए जबकी मोहम्मद शमी ने सिर्फ 5 रन ही बना सके।
इसके साथ ही सेमीफाइनल का शेड्यूल भी कंफर्म हो गया है। भारतीय टीम 4 मार्च को दुबई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला सेमीफाइनल खेलेगा।