देवरिया। सीबीएसई ने अपनी मुख्य परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा कर दी है। बोर्ड की परीक्षाएं 15 फरवरी 2025 से शुरू होने जा रही हैं। इस बार करीब 44 लाख छात्र इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। ये परीक्षाएं देश-विदेश के 8 हजार से ज्यादा स्कूलों में होंगी। कक्षा 10वीं और 12वीं दोनों की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होंगी।


डेटशीट की जानकारी

सीबीएसई की पूरी डेटशीट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जारी की जाएगी। पिछले साल की तरह इस बार भी दिसंबर में डेटशीट जारी होने की संभावना है। साल 2024 की डेटशीट दिसंबर के मध्य में और साल 2023 की डेटशीट दिसंबर के अंत में जारी कर दी गई थी।

क्या होगा अटेंडेंस का नियम

सीबीएसई के नियमों के अनुसार, बोर्ड परीक्षा में बैठने के लिए छात्रों की 75% उपस्थिति अनिवार्य है। विशेष परिस्थितियों जैसे राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने, मेडिकल इमरजेंसी आदि के मामलों में 25% की छूट मिल सकती है, लेकिन इसके लिए जरूरी डॉक्यूमेंट जमा करने होंगे।

प्रैक्टिकल एग्जाम की तारीखें

कुछ स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम, प्रोजेक्ट्स और इंटरनल मार्किंग 5 नवंबर से 5 दिसंबर 2024 के बीच होंगे। बाकी स्कूलों में प्रैक्टिकल एग्जाम 1 जनवरी 2025 से शुरू होंगे।हाल ही में दिल्ली और राजस्थान के 27 स्कूलों को सीबीएसई की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ये नोटिस स्कूलों के निरीक्षण के बाद नियमों का उल्लंघन करने पर जारी किए गए थे।