देवरिया। गाड़ियों की चोरी तो होते ही रहती है लेकिन अब गाड़ी चोरी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में गाड़ियों की चोरी 2022 के मुकाबले 2023 में ढाई गुना बढ़ गई है। कार चोरी के मामले में भी दिल्ली देश की राजधानी है। कार चोरी की 80% वारदात यहीं होती है। एको जनरल इंश्योरेंस के अनुसार, दिल्ली में हर 14 मिनट में एक कार चोरी हो जाती है। हालांकी कुल गाड़ियों की चोरी में पिछले साल के मुकाबले कमी आई है। 2022 में 56% के मुकाबले 2023 में सिर्फ 37% गाड़ियां ही यहां चोरी हुईं। फिर भी राजधानी दिल्ली में पिछले साल हर रोज गाड़ियां चोरी के 105 केस दर्ज किए गए।
कोरोना के बाद बढ़ी गाड़ियों की चोरी
एको जनरल इंश्योरेंस कंपनी के सीईओ अनिमेश दास कहते हैं- “कोरोना के बाद गाड़ियों की चोरी में इजाफा हुआ है और इसकी सबसे बड़ी वजह पार्किंग की समस्या है। चेन्नई में भी गाड़ियों की चोरी दोगुनी हो गई है। यहां 5% से बढ़कर यह 10.5% हो गई है। बेंगलुरु में भी गाड़ियों की चोरी के मामले बढ़े हैं।”
चोरी का तरीका हाईटेक, सबसे ज्यादा चोरी हुई मारुति सुजुकी
देश में चोरी होने वाली कारों में से लगभग आधी कारें यानी 47% अकेले मारुति सुजुकी की हैं। दरअसल कारों की चोरी, मांग के आधार पर होती है। मारुति वैगन आर और मारुति स्विफ्ट कारें दिल्ली में सबसे ज्यादा चोरी होती हैं। इसके बाद ह्यूंडई क्रेटा और ह्यूंडई ग्रैंड आई-10 कारों की चोरी होती है। एडवांस्ड सेफ्टी फीचर वाली कारें भी स्मार्ट तरीके से चोरी हो रही हैं। चोर विंडशील्ड पर लगे बार कोड को स्कैन कर चोरी कर रहे हैं। साथ ही कारों का रिमोट एक्सेस लेकर कारों को अनलॉक कर रहे हैं।
वहीं अगर हम बाईक की चोरी की बात करें तो साल 2023 में कार से ज्यादा बाइक चोरी हुई। हीरो स्प्लेंडर, होंडा एक्टिवा, रॉयल इनफिल्ड क्लासिक-350 सबसे ज्यादा चोरी होने वाली बाइक हैं।