देवरिया। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी शुक्रवार से शुरु हो चुका है। पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपति मुर्मू ने कुंभ में हुए भगदड़ का जिक्र किया। राष्ट्रपति ने केंद्र के द्वारा किए गए कामों को भी अपने भाषण में शामिल किया। पहले दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में इकोनॉमिक सर्वे पेश किया जिसके बाद लोकसभा स्पीकर ने लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी। शनिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण बजट पेश करेंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया संयुक्त संबोधन
राष्ट्रपति ने कहा, सीमा क्षेत्र की सड़कें और अटल टनल, सेला टनल और सन्मार्ग टनल जैसे आधुनिक आधारभूत ढांचा से पर्यटन को बढ़ावा मिला है। सीमा पर स्थित देश के प्रथम गांव में वायब्रेंट विलेज कार्यक्रम शुरू किया गया है। माओपंथी उग्रवाद को समाप्त करने के लिए अंतिम चरण की शुरुआत हो चुकी है। सरकार के प्रयासों से वामपंथी उग्रवाद प्रभावित जिलों की संख्या 126 से घटकर अब 38 रह गई है।
रक्षा क्षेत्र में अच्छे परिणाम मिले: राष्ट्रपति
इस साल देश सरदार पटेल की 150 वीं जयंती मना रहा है। देश की सीमाओं की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रयास किया है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में हमें अच्छे परिणाम मिले हैं। कुछ दिन पहले एक ऐतिहासिक पल में देश में बनी दो युद्धपोतों और पनडुब्बी को भारतीय नौसेना में कमीशन किया गया है।
“दलित, वंचित समुदाय को मिल रहा सबसे ज्यादा लाभ”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, मेरी सरकार के प्रयासों का सबसे अधिक लाभ देश के दलित, वंचित और आदिवासी समुदाय को मिल रहा है। आजादी के दशकों बाद भी आदिवासी समाज की उपेक्षा होती रही मेरी सरकार ने उसके सम्मान को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी है। देशभर में स्थापित 770 से अधिक एकलव्य स्कूलों के माध्यम से आदिवासी बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। आदिवासी बहुल इलाके में 20 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं।