देवरिया।तमिलनाडु के मदुरै रेलवे स्टेशन पर एक यात्री ट्रेन की कोच में आग लगने से कोच में सवार उत्तर प्रदेश के 9 लोगों की मौत हो गई, वहीं कई लोग आग में झुलस गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। जिस कोच में आग लगी वह एक प्राइवेट कोच था और तीर्थ के लिए बुक किया गयाथी। इस कोच में उत्तर प्रदेश के कुल 63 लोग सफर कर रहे थे। ट्रेन 17 अगस्त को लखनऊ से रवाना हुई थी और 30 अगस्त को वापस होने वाली थी।

अवैध रूप से ले जाई जा रही सिलेंडर में हुआ ब्लास्ट
यह कोच प्राइवेट ट्रैवल एजेंसी के द्वारा तीर्थ यात्रा के लिए बुक कराया गया था। ट्रेन में किसी भी प्रकार का ज्वलनशील सामान ले जाने की मनाही है लेकिन ट्रेन में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रखा गया था। तड़के यात्रियों ने जैसे ही कॉफी बनाने के लिए स्टोव जलाया गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया और पूरे कोच में आग लग गई। कुछ यात्रियों ने खिड़की और दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हादसे के वक्त कोच यार्ड में खड़ी थी। हादसा बड़ा ना हो इसके लिए तुरंत रेलवे ने कोच को दूसरी कोच से अलग किया।

मृतकों में लखनऊ, सीतापुर और लखीमपुर के लोग
हादसे में अब तक 9 लोगों के मरने की खबर मिली है जिसमें से 6 लोगों की पहचान भी हो गई है। मृतकों में सीतापुर के रहने वाले शत्रुदमन सिंह, मिथिलेश कुमारी, लखीमपुर निवासी शांति देवी, लखनऊ की निवासी मनोरमा अग्रवाल, हिमानी बंसल, परमेश्वर दयाल शामिल हैं। आग लगने के बाद कोच में पानी की बौछार की गई लेकिन आग इतनी ज्यादा थी कि उनपर पानी की बौछार का कोई असर नहीं हो रहा था।

मृतकों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान
हादसे में मारे गए लोगों के परिजनो के लिए रेलवे, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन और यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से मुआवजे का ऐलान किया गया है। रेलवे ने 10 लाख, एमके स्टालिन की तरफ से 3 लाख रुपए और सीएम योगी की तरफ से 2-2 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया गया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया ट्विट
सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्विट कर हादसे पर दुख जताया। उन्होंने लिखा- “तमिलनाडु के मदुरै में दुर्भाग्यपूर्ण रेल दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।इस दुर्घटना में काल-कवलित हुए उत्तर प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के परिजन को 2 लाख की अनुग्रह राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के लिए निर्देश दिए हैं एवं त्वरित सहायता हेतु टोल फ्री नंबर 1070 भी जारी किया गया है।ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”