देवरिया। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। जैसा कि पहले कयास लगाए जा रहे थे, अशोक चव्हाण का नाम भी राज्यसभा के लिए मनोनित किया गया है। इसके साथ ही मेधा कुलकर्णी और अजीत गोपचड़े के नाम की भी घोषणा की गई है। वहीं मौजूदा केंद्रीय मंत्री नारायण राणे, बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े और पंकजा मुंडे के नाम की भी चर्चा थी लेकिन इन तीनों ही नामों का ऐलान नहीं किया गया है।

बीजेपी में शामिल होने के 24 घंटे बाद ही बने उम्मीदवार

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम रह चुके अशोक चव्हाण ने सोमवार को ही कांग्रेस से इस्तीफा देकर मंगलवार को बीजेपी की सदस्यता ली थी। चव्हाण ने एक छोटे से समारोह में उप-मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले, मुंबई प्रदेश अध्यक्ष आशीष शेलार की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। बीजेपी में शामिल होने के 24 घंटे बाद ही उनके नाम की घोषणा राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में कर दी गई।

मैंने नया राजनीतिक जीवन शुरू किया: अशोक चव्हाण

अशोक चव्हाण ने बीजेपी में शामिल होने से पहले कहा कि- “मैं अपना राजनीतिक जीवन दोबारा शुरू कर रहा हूं। हालांकि, मैंने किसी भी कांग्रेस विधायक को अपने साथ आने के लिए आमंत्रित नहीं किया है। अशोक चव्हाण ने सोमवार को ही कांग्रेस की सदस्यता से इस्तीफा दिया था।