देवरिया। लोकसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने गुरुवार को 11वीं सूची भी जारी कर दी है। प्रत्याशियों की 10वीं सूची में में कई बड़े नामों को जगह नहीं मिली थी। किरण खेर, रीता बहुगुणा समेत कई मौजूदा सांसदों को इस बार प्रत्याशी नहीं बनाया गया है। सूची में नौ उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया है। इसमें चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश की सात सीट और आसनसोल सीट के लिए प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। वहीं 11वीं सूची में उत्तर प्रदेश की सिर्फ एक सीट पर उम्मीदवार की घोषणा की गई है।

मौजूदा सांसद किरण खेर का नाम नहीं

बीजेपी द्वारा काटे गए नामों में चंडीगढ़ से मौजूदा सांसद किरण खेर का नाम भी शामिल है। इस बार चंडीगढ़ से किरण खेर की जगह संजय टंडन को मौका दिया गया है। वहीं आसनसोल से पूर्व केंद्रीय मंत्री एसएस अहलूवालिया के नाम का ऐलान किया गया है। उनका मुकाबला टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा से होगा। अहलूवालिया पिछले लोकसभा चुनावों में बर्धमान दुर्गापुर सीट से जीते दर्ज कर चुके हैं।

उत्तर प्रदेश में भी हटे बड़े नाम

10वीं सूची में यूपी के भी 7 लोकसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। पार्टी ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के खिलाफ जयवीर सिंह के नाम का ऐलान किया है। इसके अलावा बलिया से मौजूद सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त का टिकट काटकर पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को उम्मीदवार बनाया है। प्रयागराज जिले की दो लोकसभा सीटों से मौजूदा सांसदों के नाम काट दिए गए हैं। इलाहाबाद से रीता बहुगुणा की जगह पर नीरज त्रिपाठी को मौका दिया गया है वहीं केसरी देवी पटेल का नाम काट कर फूलपुर सीट से प्रवीण पटेल को उम्मीदवार बनाया गया है।

मौजूदा सांसदों को भी मौका

यूपी में कुछ मौजूदा सांसदों को भी मौका दिया गया है कौशांबी लोकसभा सीट से पार्टी ने एक बार फिर मौजूदा सांसद विनोद सोनकर को टिकट दिया गया है। इसके अलावा मछलीशहर से मौजूदा सांसद बीपी सरोज को फिर से मौका दिया गया है। गाजीपुर सीट से पारस नाथ राय को मौका दिया गया है। पारस नाथ के सामने बसपा के अफजाल अंसारी होंगे।

11वीं सूची में सिर्फ एक प्रत्याशी का नाम

बीजेपी की 11वीं सूची में सिर्फ एक प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया गया है। इस सूची में उत्तर प्रदेश की भदोही सीट से विनोद कुमार बिंद के नाम का ऐलान किया गया है। पेशे से डॉक्टर विनोद कुमार बिंद मिर्जापुर जिले की मझवां विधानसभा सीट से निषाद पार्टी के विधायक हैं। लोकसभा चुनाव में बिंद का मुकाबला टीएमसी की टिकट से चुनाव लड़ रहे ललितेशपति त्रिपाठी से होगा।