देवरिया। उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सर्वेश सिंह का निधन हो गया है। इस खबर से पूरे लोकसभा क्षेत्र में शोक का माहौल है। आपको बता दे 19 अप्रैल को प्रथम चरण के लोकसभा चुनाव संपन्न हुए हैं जिसमें उत्तर प्रदेश की भी 8 सीटों पर मतदान हुए जिसमें मुरादाबाद सीट भी शामिल थी। मतदान के एक दिन बाद ही किसी प्रत्याशी के निधन की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
लंबे समय से बीमार थे सर्वेश सिंह
भाजपा प्रत्याशी सर्वेश सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। काफी समय से उनका कैंसर का इलाज चल रहा था। नामांकन दाखिल करने के वक्त भी उनकी तबीयत कुछ ठीक नहीं चल रही थी। उनका इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा था। तबीयत खराब होने के बाद भी उन्होंने रतूपुरा गांव के बूथ में अपना मतदान किया और फिर इलाज के सिलसिले में दिल्ली एम्स के लिए रवाना हो गए थे। एम्स में इलाज के दौरान ही हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया।
भाजपा के कद्दावर नेता थे सर्वेश सिंह
सर्वेश सिंह 72 वर्ष के थे, उनका नाम भाजपा के बड़े और कद्दावर नेताओं में से था। उन्होंने पहली बार 1991 में भाजपा की टिकट से ठाकुरद्वारा सीट से अपना चुनाव लड़ा था, उसके बाद उन्होंने लगातार चार बार बीजेपी की टिकट से चुनाव जीता। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सर्वेश सिंह को चौथी बार अपना प्रत्याशी बनाया था। सर्वेश सिंह पश्चिमी उत्तर प्रदेश से अकेले ठाकुर प्रत्याशी थे। सर्वेश सिंह का अंतिम संस्कार रविवार को उनके पैतृक गांव में किया जाएगा।