देवरिया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार विश्व चैंपियन बनी भारतीय टीम पर इनामों की बरसात हो गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम इंडिया के लिए 131 करोड़ रुपये की बड़ी इनामी राशि का ऐलान किया है।
BCCI ने किया 131 करोड़ के बोनस का ऐलान
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली शानदार जीत के बाद बीसीसीआई ने टीम इंडिया को यह विशेष बोनस देने की घोषणा की। बोर्ड के अनुसार यह 131 करोड़ रुपये की राशि केवल खिलाड़ियों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं के बीच भी बांटी जाएगी। यह रकम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की ओर से मिलने वाली करीब 27.48 करोड़ रुपये (3 मिलियन डॉलर) की इनामी राशि से अलग है। यानी भारतीय टीम को कुल मिलाकर काफी बड़ी आर्थिक पुरस्कार राशि मिलेगी।
2024 के मुकाबले इस बार बढ़ा इनाम
इससे पहले साल 2024 में जब भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप जीता था, तब बीसीसीआई ने 125 करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा की थी। उस समय खिलाड़ियों और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को 5-5 करोड़ रुपये मिले थे। हालांकि इस बार बोर्ड ने इनामी राशि में 6 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे 131 करोड़ रुपये कर दिया है, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी बोनस राशि मानी जा रही है।
लगातार दूसरी बार जीता खिताब
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 और 2026 दोनों अपने नाम कर इतिहास रच दिया है। लगातार दो बार विश्व कप जीतने वाली भारत दुनिया की पहली टीम बन गई है। बीसीसीआई अधिकारियों के मुताबिक, घरेलू मैदान पर खिताब का सफल बचाव करना बड़ी उपलब्धि है। यही कारण है कि खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और टीम की निरंतरता को देखते हुए इनाम की राशि बढ़ाई गई है।