देवरिया। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के निर्माता और निर्देशक एसएस राजामौली ने भारत में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली और कई मामलों में इतिहास रचने वाली ‘बाहुबली’ फिल्म दी है। इसके बाद बाहुबली का एनिमेशन वर्जन भी लॉन्च किया गया था। अब राजामौली ‘बाहुबली: क्राउन ऑफ ब्लड’ के प्रीक्वल की भी घोषणा कर दी है, मंगलवार को इसका ट्रेलर भी लॉन्च किया गया है, जो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इस बार कहानी में बाहुबली और भल्लालदेव ‘रक्तदेव’ नाम के अपने दुश्मन से माहिष्मती साम्राज्य को बचाते नजर आएंगे।

इस बार बाहुबली और भल्लालदेव हाथ मिलाएंगे

बाहुबली का रोमांच महेंद्र बाहुबली और उसके भाई भल्लालदेव के बीच की दुश्मनी ही थी। लेकिन एनिमेटेड वर्जन में बाहुबली और भल्लादेव रक्तदेव से निपटने के लिए हाथ मिलाते हुए नजर आएंगे। ‘बाहुबली: क्राउन ऑफ ब्लड’ ग्राफिक इंडिया और अर्का मीडिया का प्रोडक्शन है। इसके निर्माता फिल्मकार एस.एस. राजामौली, शरद देवराजन है वहीं शोबु यार्लागड्डा ने जीवन जे. कांग और नवीन जॉन ने फिल्म को निर्देशित किया है। रोमांच से भरी इस वेब सीरीज को आप 17 मई से डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर देख सकते हैं।

रोमांच से भरे ट्विस्ट और टर्न से भरपूर होगी सीरीज

बाहुलबली में हमने सिर्फ बाहुबली और भल्लादेव के बीच की दुश्मनी के आस-पास घूमती कहानी देखी थी। लेकिन इस कहानी में दोनों की जिंदगी के कई राज खुलने वाले हैं। राजामौली कहते हैं- “बाहुबली की दुनिया बहुत बड़ी है और यह फिल्म फ्रैंचाइजी उसका सही परिचय देती है। हालांकि अभी बहुत कुछ जानना बाकी है और ऐसे में बाहुबली: क्राउन ऑफ ब्लड की बारी आती है। ये कहानी पहली बार बाहुबली और भल्लालदेव की जिन्दगी के कई अनजाने ट्विस्ट दिखाएगी। लंबे वक्त से भुलाया गया एक गहरा रहस्य भी उजागर होगा, जब दोनों भाई मिलकर माहिष्मति को बचाएंगे। हम बाहुबली के प्रशंसकों के लिए इस नए अध्याय की पेशकश करके बहुत खुश हैं। हम इस कहानी को एनिमेटेड फॉर्मेट में लेकर आ रहे हैं, जो बाहुबली की दुनिया का एक नया और रोमांचक नजारा देगा।”

राजामौली ने शेयर किया था वीडियो

फिल्म के निर्माता एसएस राजामौली ने 30 अप्रैल को ही अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस सीरीज और ट्रेलर के जल्द आने की सूचना भी दी थी तब से बाहुबली के चाहने वाले इंतजार में थे। वीडियो पोस्ट कर उन्होंने लिखा था – “जब महिष्मति के लोग उनका नाम जपते हैं, तो ब्रह्मांड की कोई भी ताकत उन्हें वापस लौटने से नहीं रोक सकती। बाहुबली: क्राउन ऑफ ब्लड, एक एनिमेटेड श्रृंखला का ट्रेलर, जल्द ही आएगा!”

मंगलवार को यू ट्यूब पर सीरीज का ट्रेलर लॉन्च कर दिया गया। जिसने सीरीज को लेकर बेसब्री और बढ़ा दी है। ट्रेलर में ही सीरीज के मुख्य नेगेटिव किरदार रक्तदेव का छोटा परिचय भी दे दिया गया है। अब देखना है कि बाहुबली के दोनों पार्ट की तरह एनिमेटेड वर्जन भी लोगों का दिल जीत पाती है या नहीं।