देवरिया। प्रयागराज के माफिया डॉन अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन को उत्तर प्रदेश पुलिस ने भगोड़ा घोषित कर दिया है। शाइस्ता कई दिनों से फरार है। उस पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है लेकिन पुलिस के हाथ अब तक उसका कोई भी सुराग नहीं लग पाया है। शाइस्ता को भगोड़ा घोषित करने के साथ ही उसके घर की भी कुर्की कर दी गई है।
घर पर पहले ही चल चुका है बुलडोजर
उमेश पाल हत्याकांड के बाद जिस घर पर बुलडोजर चलाया गया था, उसकी कुर्की की गई थी। यह घर किसी और के नाम पर था। प्रयागराज के धूमनगंज थाने की पुलिस ने शाम करीब 6:30 बजेचकिया इलाके में स्थित मकान की कुर्की की प्रक्रिया का नोटिस चस्पा किया गया था। कोर्ट के आदेश पर मकान को कुर्क किए जाने की कार्रवाई शुरू की गई।इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
उमेश पाल हत्याकांड की नामजद आरोपी है शाइस्ता
प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन भी नामजद आरोपी है। उमेश पाल की हत्या 24 फरवरी को धूमनगंज इलाके में हुई थी। इस हत्याकांड में उमेश पाल की सुरक्षा में लगे दो पुलिसकर्मी भी मारे गए थे। वारदात के बाद से ही यूपी पुलिस शाइस्ता परवीन को तलाश कर रही है।