देवरिया। भारत के स्टार जेवलिन थ्रोवर नीरज चोपड़ा शादी के बंधन में बंध चुके हैं। नीरज ने हिमानी मोर से शादी की है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी की तस्वीरें साझा कर अपने फैंस को ये खुशखबरी दी। नीरज ने एक निजी समारोह में शादी की। मीडिया में उनकी शादी या उनकी पत्नी के बारे में पहले से किसी तरह की कोई खबर नहीं थी।

कौन हैं हिमानी मोर?
नीरज चोपड़ा की पत्नी का नाम हिमानी मोर है। शादी से पहले कभी भी हिमानी मोर का नाम नीरज चोपड़ा के साथ नहीं जुड़ा था। नीरज के फैंस जानना चाहते हैं आखिर हिमानी मोर कौन हैं। आपको बता दें हिमानी भी खेल जगत से जुड़ी हुई हैं। वो एक टेनिस प्लेयर हैं और मूल रूप से सोनीपत की रहने वाली हैं। हिमानी अभी मैककॉर्मैक इसेनबर्ग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से स्पोटर्स मैनेजमेंट एंड एडमिनिस्ट्रेशन साइंस में मास्टर्स डिग्री पूरी कर रही हैं। हिमानी फ्रेंकलिन प्रियर्स यूनिवर्सिटी में पार्ट टाइम वॉलंटियर असिस्टेंट टेनिस कोच रह चुकी हैं। इतना ही नहीं वो एमहर्स्ट कॉलेज में ग्रेजुएट असिस्टेंट के तौर पर भी काम कर रही हैं। हिमानी का पूरा परिवार खेल से जुड़ा हुआ है।

नीरज ने इंस्टाग्राम पर लिखा पोस्ट
नीरज ने सोशल मीडिया पर शादियों की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा- ‘जीवन के नए अध्याय की शुरुआत अपने परिवार के साथ। हर उस आशीर्वाद के लिए आभारी हूं जो हमें इस पल में एक साथ लाया। आपको बता दें नीरज ने इस समय नए सीजन से ब्रेक ले रखा है।
2 दिन पहले हो चुकी है शादी
नीरज चोपड़ा और हिमानी मोर की शादी 2 दिन पहले ही हो चुकी है। लेकिन लाइम लाइट से दूर उन्होंने एक पारिवारिक समारोह में शादी ही है। उनकी शादी कब शुरु हुई थी और कहां हुई है इसके बारे में भी कोई जानकारी मीडिया के पास नहीं है। फिलहाल नीरज और हिमानी अमेरिका निकल गए हैं। नीरज की शादी की खबर मिलते ही सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।