देवरिया। छठ महापर्व के अंतिम दिन लखनऊ के गोमती नदी घाट पर भक्तों की भारी भीड़ रही। लखनऊ में भक्तों की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियां की गई थी। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से लगातार पूजा पाठ वाली जगह की निगरानी की जा रही थी। सीएम योगी ने भी घाट पहुंचकर छठ पूजा में हिस्सा लिया और लोगों को शुभकामनाएं दी।
सीएम योगी ने दिया अर्घ्य
छठ के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में गोमती नदी के तट पर पूजा में शामिल हुए। सीएम योगी ने पूरे विधि विधान से पूजा की और मंत्रोच्चार के साथ सूर्य को अर्घ्य दिया। पूजापाठ के दौरान सीएम योगी ने फल दान भी किया। योगी आदित्यनाथ के साथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।
सीएम ने छठ पर्व की शुभकामनाएं दी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि- “लोक आस्था, प्रकृति प्रेम और सूर्योपासना के महापर्व छठ पर हमारी तरफ से आप सब माता-बहनें और भोजपुरी समाज के लोगों को बहुत-बहुत मंगलकामनाएं। छठी मैया के आशीर्वाद से हमारे प्रदेश के सभी लोगों के जीवन में सुख और खुशहाली बनी रहे यही प्रार्थना है। जय-जय छठी मैया।”
भोजपुरी समाज को सीएम ने दी बधाई
सीए योगी ने छठ पूजा में शामिल होने के बाद अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर सफल आयोजन के लिए भोजपुरी समाज को बधाई दी। उन्होंने लिखा- “लोक-आस्था के महापर्व ‘छठ’ के पावन अवसर पर आज लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ।
भोजपुरी समाज आज संपूर्ण विश्व में ‘छठ’ की सुगंध को अपने साथ ले जाकर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार कर रहा है।
‘छठ’ महापर्व की हृदय से बधाई एवं इस आयोजन हेतु अखिल भारतीय भोजपुरी समाज को ढेरों शुभकामनाएं “