देवरिया। चीन के हांगझोउ में चल रहे एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ी अब तक का सबसे बेहतरीन खेल दिखा रहे हैं। खेल के 12वें दिन 5 अक्टूबर को भारत झोली में 3 और गोल्ड मेडल आए। पहला गोल्ड महिलाओं के तीरंदाजी कंपाउंड इवेंट में मिला, दूसरा गोल्ड स्क्वैश में मिला और तीसरा गोल्ड मेडल पुरुषों के तीरंदाजी कंपाउंड इवेंट में भारत ने अपने नाम किया। खबर लिखे जाने तक भारत के गोल्ड मेडल की सख्या 21 और कुल मेडल्स की संख्या 84 हो चुकी है।


महिला कंपाउंड आर्चरी में आया गोल्ड
महिलाओं की तीरंदाजी कंपाउंड इवेंट में ज्योति सुरेखा वेन्नम, अदिति स्वामी और परनीत कौर की तिकड़ी ने भारत को गोल्ड मेडल दिलाया। महिला टीम इवेंट के फाइनल में भारत के सामने चीनी ताइपे की चुनौती थी। भारत ने फाइनल मुकाबले को 230-229 से अपने नाम किया। अंतिम राउंड से पहले मुकाबला 200-200 से बराबर था। भारतीय तिकड़ी ने लगातार तीन बार परफेक्ट 10 पर निशाना लगाया और गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया।

कंपाउंड आर्चरी की पुरुष टीम ने भी जीता गोल्ड
कंपाउंड आर्चरी में महिला टीम के साथ ही भारतीय पुरुष टीम ने भी गोल्ड मेडल दिलाया। कपाउंड आर्चरी पुरुष में भारत ने दक्षिण कोरिया को 235-230 से मात दी। ओजस प्रवीण देवताले, अभिषेक वर्मा और प्रथमेश जावकर की भारतीय तिकड़ी ने पहले तीन शॉट पर 58, 58 और 59 का स्कोर किया, जबकि चौथे शॉट पर परफेक्ट 60 के साथ स्वर्ण पदक पक्का किया।



दीपिका और हरिदंर की जोड़ी ने स्क्वैश में लाया गोल्ड
स्क्वैश के मिक्स्ड डबल इवेंट में दीपिका पल्लीकल और हरिंदर पाल सिंह संधू ने गोल्ड मेडल दिलाया। दीपिका और हरिदंर की जोड़ी ने इस मुकाबले को 11-10, 11-10 से अपने नाम किया। दूसरे गेम में मलेशिया की जोड़ी ने स्कोर को 9-3 से 9-10 कर दिया। लेकिन खेल के आखिर में भारतीय जोड़ी ने 11-10 से दूसरे गेम जीतकर गोल्ड अपने नाम किया। आपको बता दें दीपिका पल्लिकल क्रिकेटर दिनेश कार्तिक की पत्नी हैं।

11वें दिन मिले थे 3 गोल्ड मेडल
टूर्नामेंट के 11वें दिन यानी 4 अक्टूबर को भारतीय खिलाड़ियों ने 3 गोल्ड समेत कुल 12 मेडल जीते। 11वें दिन नीरज चोपड़ा ने जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल हासिल किया था, वहीं पुरुष 4×400 रिले रेस में भी भारतीय टीम गोल्ड हासिल करने मे कामयाब रही थी, वहीं कंपाउंड तीरंदाजी मिक्स्ड टीम इवेंट में भी भारतीय खिलाड़ियों को गोल्ड मेडल मिला था।