देवरिया। एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में भारत ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 228 रनों से शिकस्त दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को 357 रनों का लक्ष्य दिया था। पाकिस्तानी टीम के 2 प्लेयर चोटिल थे जिसकी वजह से उन्होंने बल्लेबाजी नहीं की। पाक 32 ओवर में 128 रन तक ही पहुंच सकी और ऑल आउट हो गई।
राहुल और विराट के शतक ने दिया मजबूत स्कोर
भारतीय टीम ने शुरुआत में 2 विकेट गंवाए जिसके बाद केएल राहुल और विराट कोहली क्रिज पर आए। दोनों ने बेहतरीन साझेदारी दिखाते हुए अपने-अपने शतक पूरे किए और टीम को 356 के बड़े स्कोर तक पहुंचाया। भारतीय टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया और सिर्फ 25 रन देकर 5 विकेट झटके। पिछले कुछ मैच में दोनों ही खिलाड़ियों के बल्ले ने कुछ खास कमाल नहीं किया था, इस मैच में इन्होंने सारी कसर निकाल दी। के एल राहुल के फॉर्म को देखते हुए टीम सेलेक्शन के समय भी उनके नाम पर शंका थी लेकिन सोमवार के मैच में के एल राहुल ने सेलेक्टर्स को और खुद को साबित कर दिया।
रविवार को बारिश से रुक गया था मैच
भारत-पाक सुपर-4 मुकाबला रविवार को शुरु हुआ था। लेकिन बारिश के चलते मैच रोक दिया गया था और सोमवार को मैच के लिए रिजर्व डे रखा गया था। सोमवार को मैच 24.1 ओवर से शुरू किया गया। रविवार को भारत ने 24 ओवर में 147 रन बना लिए थे। पाकिस्तान के 2 खिलाड़ी नसीम शाह और हारिस रऊफ चोट के कारण बल्लेबाजी नहीं कर सके। भारतीय टीम मंगलवार को सुपर-4 में अपना दूसरा मैच श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी। सुपर-4 में भारत का खाता खुल गया है। उसके खाते में दो अंक जुड़ गए हैं। पाकिस्तान और श्रीलंका के पास भी दो-दो अंक हैं।
एशिया कप की सबसे बड़ी साझेदारी का बना रिकॉर्ड
भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और के एल राहुल ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच में अपने फॉर्म में वापसी की। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर पाकिस्तानी बल्लेबाजों को खूब छकाया। 2 विकेट के बाद पाक की टीम विकेट के लिए तरस गई थी। शाहीन आफरीदी और नसीम शाह जैसे तेज गेंदबाज भी इस साझेदारी को तोड़ने में कामयाब नहीं हुए। दोनों बल्लेबाजों ने 194 गेंद में नाबाद233 रन की पारी खेली जो कि एशिया कप की सबसे बड़ी साझेदारी है।