देवरिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने जनता से बात की थी। बुधवार को एक बार फिर सुनीता केजरीवाल लोगों के सामने आईं। ऐसा पहली बार हो रहा है जब सुनीता केजरीवाल राजनीति से जुड़े किसी घटनाक्रम में सामने आ रही हैं। अपनी बात रखते हुए उन्होंने अरविंद केजरीवाल को सच्चा देश भक्त, निडर और साहसी बताया। सुनीता केजरीवाल ने दिल्ली के जनता से अरविंद केजरीवाल की सफलता और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करने की अपील की। हालांकि उनके इस वीडियो का कुछ हिस्सा काट कर सोशल मीडिया पर लोगों ने ट्रोल भी किया।
28 मार्च को अरविंद केजरीवाल करेंगे खुलासा: सुनीता केजरीवाल
सुनीता केजरीवाल ने कहा कि- “28 मार्च को अरविंद केजरीवाल कोर्ट में खुलासा करेंगे कि आखिर क्या है शराब घोटाला और उस से जुड़े पैसे कहां है। सुनीता केजरीवाल ने कहा कि ईडी ने बीते 2 साल में इस तथाकथित शराब घोटाले पर ढाई सौ से ज्यादा रेड मारी है, लेकिन उससे जुड़ा एक भी पैसा बरामद नहीं हुआ है। ईडी ने मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन के साथ-साथ हमारे यहां भी रेड मारी, लेकिन पैसा मिला नहीं।”
“यह लोग दिल्ली की जनता को बर्बाद करना चाहते हैं?”
सुनीता केजरीवाल ने कहा कि- “कल यानी 26 मार्च को मैं अरविंद केजरीवाल से मिलने गई थी, उनका शुगर लेवल ठीक नहीं चल रहा है। दो दिन पहले उन्होंने दिल्ली की जल मंत्री आतिशी को पत्र लिखकर कहा था कि लोगों के पानी और सीवर की समस्याओं का समाधान किया जाए। बताइए उन्होंने क्या गलत किया। इस बात पर भी केंद्र सरकार ने दिल्ली के सीएम पर केस दर्ज कर दिया। क्या यह लोग दिल्ली की जनता को बर्बाद करना चाहते हैं। इस बात से अरविंद जी को बेहद पीड़ा हुई है”
यह बेचारापन नहीं चलेगा: भाजपा
सुनीता केजरीवाल के वीडियो संदेश पर दिल्ली भाजपा के मंत्री हरीश खुराना ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि- “विक्टिम कार्ड खेला जा रहा है। ये बेचारापन चलने वाला नहीं है। जिस शराब घोटाले में आज केजरीवाल ईडी कस्टडी में हैं, उसे आप सो काल्ड घोटाला कह रही हैं। इसी मामले में मनीष सिसोदिया 14 महीने से जेल में हैं। अरविंद केजरीवाल, आप इस्तीफा दीजिये।”