देवरिया। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने वादे के मुताबिक अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया है। वहीं अब दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी के नाम का ऐलान सीएम पद के लिए किया गया है। आतिशी को सीएम बनाए जाने के केजरीवाल के प्रस्ताव को विधायक दल ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया है।

इसी हफ्ते ले सकती हैं शपथ
केजरीवाल के इस्तीफे के बाद अब आम आदमी पार्टी एक बार फिर सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। पार्टी राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। राष्ट्रपति की मंजूरी मिलते ही आतिशी मुख्य मंत्री पद की शपथ लेकर दिल्ली की नई सीएम बन जाएंगी। संभावना जताई जा रही है कि आतिशी इसी हफ्ते सीएम पद की शपथ ले लेंगी। वहीं इस्तीफे के बाद अब केजरीवालो को अपना सरकारी आवास जल्द से जल्द छोड़ना होगा।


सिर्फ चुनाव तक रहेंगी सीएम
आतिशी के नाम का ऐलान सीएम के लिए होते ही विपक्षी दलों की प्रतिक्रियाएं आने लगी। इन प्रतिक्रियाओं का जवाब देते हुए आतिशी ने खुद यह स्पष्ट किया है कि वो सिर्फ विधानसभा चुनावों तक ही सीएम पद पर रहने वाली हैं। उन्होंने कहा कि- “मेरा उद्देश्य अरविंद केजरीवाल को सीएम पद पर फिर से बैठाना है। मुझे कोई बधाई ना दे और ना ही माला पहनाए”।