देवरिया। गुरुवार को सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर शादी के बंधन में बंधे। उन्होंने मुंबई में सानिया चंडोक के साथ सात फेरे लिए। इस ग्रैंड सेलिब्रेशन में क्रिकेट और फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
दिग्गज क्रिकेटरों ने की शिरकत
अर्जुन और सानिया की शादी में भारतीय क्रिकेट के कई बड़े नाम पहुंचे। शादी में राहुल द्रविड़, रवि शास्त्री, अनिल कुंबले, सुनील गावस्कर, एमएस धोनी, यूसुफ पठान और इरफान पठान समेत कई क्रिकेटर्स ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। इनके साथ ही धोनी अपनी पत्नी साक्षी धोनी के साथ पहुंचे थे। वेन्यू के बाहर उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
बॉलीवुड स्टार्स भी हुए शामिल
शादी में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे भी शामिल हुए। अमिताभ बच्चन और जया बच्चन एक साथ पहुंचे, इसके अलावा अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन भी शादी में शामिल हुए। अभिषेक ने नेवी ब्लू शेरवानी पहनी थी, जबकि ऐश्वर्या राय ने हल्के नीले रंग के अनारकली सूट में सबका ध्यान खींचा।
शादी की फोटो वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो में अर्जुन तेंदुलकर अपनी दुल्हन सानिया चंडोक के गले में वरमाला डालते नजर आ रहे हैं। वरमाला के बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया। इस खास पल के दौरान सचिन तेंदुलकर नवदंपति पर फूल बरसाते दिखाई दिए। वहीं अंजलि तेंदुलकर भी इस खुशी के मौके पर मौजूद रहीं।