देवरिया। भारतीय संगीत जगत से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने करोड़ों संगीत प्रेमियों को भावुक कर दिया है। अपनी मधुर आवाज से हर दिल पर राज करने वाले मशहूर गायक अरिजीत सिंह ने फिल्मों के लिए प्लेबैक सिंगिंग छोड़ने का बड़ा फैसला लिया है। अरिजीत सिंह ने इस चौंकाने वाले फैसले की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए दी है। उन्होंने साफ किया है कि अब वह किसी भी नई फिल्म के लिए गाना रिकॉर्ड नहीं करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह संगीत की दुनिया से पूरी तरह दूर नहीं हो रहे हैं।

सोशल मीडिया पर दी जानकारी

अरिजीत सिंह ने इस बात की जानकारी देते हुए अपने पोस्ट में लिखा- “सभी को नए साल की शुभकामनाएं। इतने वर्षों तक एक श्रोता के रूप में मुझे जो प्यार मिला, उसके लिए मैं आप सभी का दिल से धन्यवाद करता हूं। अब मैंने फैसला किया है कि आगे से मैं प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई नया असाइनमेंट नहीं लूंगा। मैं इस सफर को यहीं रोक रहा हूं।”

इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की भावनाएं उमड़ पड़ीं और #ArijitSingh ट्रेंड करने लगा।

संगीत से नहीं लेंगे संन्यास

हालांकि फैंस के लिए राहत की बात यह है कि अरिजीत सिंह ने संगीत से संन्यास नहीं लिया है। उन्होंने साफ किया है कि वह आगे भी म्यूजिक से जुड़े रहेंगे। उन्होंने लिखा कि यह सफर उनके लिए बेहद खूबसूरत रहा और ईश्वर की कृपा हमेशा उनके साथ रही। खुद को एक “छोटा कलाकार” बताते हुए उन्होंने कहा कि अब वह संगीत को और गहराई से सीखना चाहते हैं। उन्होंने साफ किया कि अब वो अपने खुद के म्यूजिक प्रोजेक्ट्स और इंडिपेंडेंट म्यूजिक पर काम करते रहेंगे।

अधूरे प्रोजेक्ट्स को करेंगे पूरा

अरिजीत सिंह ने यह भी बताया कि उनके कुछ गाने पहले से रिकॉर्ड हो चुके हैं या पाइपलाइन में हैं, जिन्हें वह पूरा करेंगे। इसका मतलब यह है कि आने वाले समय में फैंस को उनके कुछ नए गाने जरूर सुनने को मिलेंगे, लेकिन वे फिल्मी प्लेबैक के नए प्रोजेक्ट नहीं होंगे। हाल ही में अरिजीत सिंह का नया गाना ‘मातृभूमि’ रिलीज हुआ है। यह गाना सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का है।