देवरिया। भारतीय वायु सेना को नए एयर मार्शल मिल गए हैं। अमर प्रीत सिंह अब वायुसेना के अगले प्रमुख होंगे। अभी एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह एयरफोर्स के उप-प्रमुख हैं। 30 सितंबर को उन्हें वायुसेना प्रमुख का पदभार दे दिया जाएगा। अभी एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी हैं जो 30 सितंबर को पदमुक्त हो जाएंगे।


5 हजार घंटे उड़ान का अनुभव


एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज और राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के स्टूडेंट रहे हैं। उन्हें फिक्स्ड और रोटरी विंग विमानों पर 5,000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है। अमरप्रीत सिंह एक बेहतरीन ट्रेनर और पायलट हैं। उन्होंने दक्षिण पश्चिमी वायु कमान में वायु रक्षा कमांडर और पूर्वी वायु कमान में वरिष्ठ वायु स्टाफ अधिकारी के अहम पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। वायुसेना उप-प्रमुख का पदभार संभालने से पहले वह मध्य वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ थे।

कई अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं अमर प्रीत


अमर प्रीत सिंह अपने करियर के दौरान ऑपरेशनल फाइटर स्क्वाड्रन और फ्रंटलाइन एयर बेस की कमान संभाल चुके हैं। पायलट के रूप में उन्होंने मॉस्को, रूस में मिग-29 अपग्रेड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट टीम का नेतृत्व किया था। वह राष्ट्रीय उड़ान परीक्षण केंद्र में परियोजना निदेशक भी रह चुके हैं। उन्होंने लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस की टेस्टिंग उड़ान भी भरी थी।