देवरिया। देश के लगभग हर कोने में जमकर बारिश हो रही है। दिल्ली, नोयडा समेत उत्तर प्रदेश में भी देर से ही सही लेकिन अब झमाझम बारिश शुरु हो चुकी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाको के लिए आने वाले 4 से 5 दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश की वजह से राजधानी लखनऊ के भी कई इलाकों में चल भराव हो रहा है। मानसून सत्र के दौरान विधानसभा में भी पानी भरने की वजह से सीएम समेत सदस्यों को बाहर आने के लिए दूसरे रास्ते का उपयोग करना पड़ा था।
40 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने आने वाले 4-5 दिनों तक करीब 40 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। बारिशक साथ ही कहीं-कहीं बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है। गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, बिजनौर मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और उसके आसपास के इलाके में 1, 2, 3 अगस्त तक लगातार चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना है।
प्रदेश की तरफ बढ़ रही मानसूनी ट्रफ लाइन
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अब मानसून की ट्रफ लाइन मध्यप्रदेश से उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ रही है। इस वजह से आने वाले 48 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। मानसून का लो प्रेशर सिस्टम एक्टिव हो चुका है यही वजह है कि हर तरफ तेज बारिश हो रही है। गुरुवार और शुक्रवार को भी गोरखपुर, गाजीपुर, फतेहगढ़,चुर्क, प्रयागराज, झांसी, उरई समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई।