देवरिया। उत्तर प्रदेश की में सियासी बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गौशालाओं के बहाने बीजेपी पर निशाना साधा। गौशाला पर दिए उनके बयान के बाद यूपी में राजनीति गरमा गई है। अखिलेश यादव के बयान को किसने ने सनातन विरोधी बताया तो किसी ने इत्र पार्क घोटाले की बात उठाई। आइए जानते हैं अखिलेश के किस बयान से वो बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं।
यूपी में बन रही गौशालाओं पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी को दुर्गंध पसंद है, इसलिए वो गौशाला बनवा रही है, जबकि समाजवादी पार्टी को सुगंध पसंद थी, इसलिए उन्होंने इत्र पार्क बनवाया। अखिलेश ने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “सरकार सांड पकड़ रही है या नहीं? उसका भी पैसा खा जा रहे हैं।”
भाजपा ने किया पलटवार
अखिलेश यादव के इस बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि “गाय हमारी माता है और गोबर उतना ही पवित्र। इसे लेकर आपत्तिजनक बातें करना ठीक नहीं है।” वहीं, भाजपा नेता दिनेश शर्मा ने जवाब देते हुए कहा, “गौशाला में दुर्गंध नहीं, बल्कि सुगंध आती है। अखिलेश यादव को गौशाला में सनातन की आस्था को समझना चाहिए।”
‘सनातन के विरोध में बयानबाजी बंद हो’
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “ये लोग बार-बार सनातन के विरोध में आवाज उठाते रहते हैं। अगर किसी को सनातन से दिक्कत है, तो उसे ऐसी जगह जाना चाहिए जहां उसका अपमान हो सके। यह देश सनातन का अपमान सहन नहीं करेगा।”
‘इत्र पार्क में घोटाला हुआ’
भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने आगे कहा, “इत्र पार्क बनाने के नाम पर घोटाला भी किया गया। गौशाला में सुगंध और दुर्गंध की बात मत कीजिए, बल्कि वहां सनातन की आस्था को देखिए। गाय हमारी मां है और मां पर टिप्पणी नहीं की जाती।”