देवरिया। सूचना प्रसारण मंत्रालय के अधिकारियों और नेटफ्लिक्स के कॉन्टेंट हेड के बीच एक अहम बैठक हुई। नेटफ्लिक्स ने सरकार को आश्वासन दिया है कि प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए जाने वाले कॉन्टेंट को भारतीय लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए तैयार किया जाएगा। अब हाईजैकर्स के असली नामों को दिखाया जाएगा।


क्या है मामला?
IC 814 वेब सीरीज इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC 814 के हाईजैक होने की घटना को दिखाती है। सीरीज में दो अपहरणकर्ताओं को केवल उनके हिंदू कोडनेम से संदर्भित किया गया है, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर विवाद उत्पन्न हो रहा है। लोग सीरीज में तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का विरोध कर रहे हैं और इस पर बैन लगाने की भी मांग कर रहे हैं।


कैसे हुआ विवाद?
वेब सीरीज 1999 में हुए प्लेन हाईजैक की घटना पर आधारित है। इसमें अपहरणकर्ताओं को चीफ, डॉक्टर, बर्गर, भोला और शंकर कोडनामों से दर्शाया गया है। विवाद इसी बात का है कि भोला और शंकर जैसे नामों का इस्तेमाल किया गया। लोगों ने सीरीज के निर्देशक अनुभव सिन्हा का विरोध करते हुए कहा कि शो में यह साफ होना चाहिए कि सभी अपहरणकर्ता मुस्लिम आतंकवादी थे और उनमें से दो ने हिंदू उपनामों का इस्तेमाल किया था।