देवरिया। बदायूं में मंगलवार को हुए दो मासूम बच्चों की नृशंस हत्या के आरोपी को पुलिस ने देर शाम मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी ने मंगलवार की शाम घर में घुसकर दोनों बच्चों की हत्या कर दी थी। मृतक बच्चे, 13 साल का आयुष और 6 साल का अहान सगे भाई थे। आरोपी का घर में पहले से ही आना जाना था बच्चे और घर वाले सभी उन्हें पहचानते थे। घटना के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा भड़क गया और लोगों ने आसपास की छोटी दुकानों को आग के हवाले कर दिया था। हत्या के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए कई स्कूल और दुकानें बुधवार को बंद रही।
छत पर ले जाकर की बच्चों की हत्या
मंगलवार शाम मृतक बच्चों आयुष और अहान अपनी मां संगीता और भाई पीयूष के साथ घर पर थे। साजिद इनके घर के सामने ही अपना सलून लगाता था। साजिद शाम छह बजे सैलून बंद करने के बाद साढ़े छह बजे भाई जावेद के साथ उनके घर आया। जब संगीता उनके लिए चाय बनाने अंदर गईं तब, साजिद छत पर चला गया और बच्चों को भी बुलाया। बच्चे साजिद को पहले से ही जानते थे इसलिए उसके बुलाने पर छत पर चले गए। साजिद ने पियूष को पानी लाने को कहा और इसी बीच आयुष और अहान पर चाकुओं से वार कर हत्या कर दी। जब पियूष पानी लेकर आया तब उसे भी मारने की कोशिश की लेकिन पियूष किसी तरह जान बचाकर भागने में कामयाब हो गया।
एनकाउंटर में मारा गया आरोपी साजिद
बच्चों की आवाज सुनकर संगीता ने भी शोर मचाना शुरु किया जिससे दोनों आरोपी भागने लगे। घर के बाहर भीड़ ने भी उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन वो फरार होने में कामयाब हो गए। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक आरोपी साजिद को मौके से करीब दो किमी दूर शेखूपुर के जंगल में घेराबंदी कर, मुठभेड़ में ढेर कर दिया। पुलिस इस वारदात में साथ देने वाले साजिद के भाई जावेद की तलाश कर रही है और मृतक बच्चों के पिता विनोद के द्वारा एफआईआर दर्ज करके हत्या के कारणों की भी जांच कर रही है।
भीड़ ने साजिद के सलून को किया आग के हवाले
साजिद ने पहले तो दो भाइयों पर ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से उनकी हत्या कर दी उसके बाद पियूष पर भी हमला किया लेकिन पियूष चीखता हुआ छत से नीचे भागा। साजिद के हाथ में खून से सना चाकू देख और पियूष को घायल देख मां संगीता ने भी चीख पुकार मचाई। जिसके बाद वारदात वाली जगह पर भीड़ जमा हो गई। बच्चों की हत्या से गुस्साए लोगों ने साजिद की दुकान तोड़कर सामान बाहर फेंक दिया और उसकी दुकान पर आग लगा दी।
फोटो सौजन्य- ‘X’