देवरिया। भारत विविधताओं से भरा हुआ देश है। भारतीय खाने-पीने के भी काफी शौकीन होते हैं। कोरोना काल में जब लोग बाहर जाने से कतरा रहे थे तब ऑनलाइन फूड डिलीवरी करने वाली कंपनियों ने खूब पैसे कमाए। इन्हीं फूड डिलीवरी कंपनियों में से एक ने रिपोर्ट जारी की है जिसमें बताया गया है कि भारतीयों ने साल 2023 में सबसे ज्यादा कौन सा खाना ऑर्डर किया है। आइए जानते हैं इस साल ऑन लाइन ऑर्डर हुए भोजन से जुड़े दिलचस्प आंकड़े।

सबसे ज्यादा ऑर्डर की गई बिरयानी

ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी की एक रिपोर्ट के मुताबिक लगातार आठवें साल बिरयानी सबसे ज्यादा ऑर्डर की गई डिश रही। इस साल अकेले 1 जनवरी को ही प्लेटफॉर्म पर 4.30 लाख बिरयानी ऑर्डर की गई थी। इस साल 1 जनवरी से 23 नवंबर तक कुल 24.90 लाख बिरयानी अकेले स्विगी से ऑर्डर की गई। सबसे ज्यादा बिरयानी हैदराबाद में ऑर्डर की गई।

ये आंकड़े भी कर देंगे आपको हैरान
19 नवंबर को जब वर्ल्ड कप फाइनल था तब भारतीयों ने हर मिनट 188 पिज्जा का ऑर्डर किया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि मुंबई के एक शख्स ने अकेले इस साल 42.3 लाख का खाना ऑर्डर किया। 14 मई यानी मदर्स डे को सबसे ज्यादा केक ऑर्डर किया गया। बेंगलुरु में सबसे ज्यादा केक ऑर्डर किए जाते हैं।