देवरिया। भारत को टी-20 वर्ल्डकप जीतने के ठीक बाद ही जिम्बाब्वे के साथ हुए टी-20 मैच में हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन जिम्बाब्वे के साथ हुए दूसरे ही मैच में अभिषेक शर्मा ने अपने जबरदस्त खेल से हिसाब भी बराबर कर दिया और मात्र 47 गेंदों में शतक लगाकर इतिहास रचा। ये उनके करियर का दूसरा टी-20 मैच था। अपनी धुआंधार पारी में अभिषेक ने 7 चौके और 8 छक्के लगाए। अभिषेक की शतकीय पारी की बदौलत भारत ने 20 ओवर में 234 रन बनाए, वहीं जिम्बाब्बे की टीम 18.4 ओवर्स में ही 134 रनों पर सिमट गई। मैच में भारत ने 100 रनों से जीत हासिल कर 5 मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली है।


28 रन पर मिले जीवनदान के बाद खेली शतकीय पारी
पहले मैच में अभिषेक जीरो पर आउट हो गए थे और दूसरे मैच में भी 28 रनों पर खेलते हुए उन्होंने एक गलत शॉट मारा जिसका नतीजा कैच आउट हो सकता था, लेकिन वेलिंगटन ने अभिषेक का कैच छोड़ दिया। इस जीवनदान के बाद अभिषेक ने रनों की बरसात ही कर दी। कैच छूटने से पहले अभिषेक का स्कोर 24 गेंदों पर 28 रन था। उसके बाद उन्होंने चौकों और छक्कों की मदद से 22 गेंदों पर 72 रन बनाए। कैच छूटना जिम्बाब्वे के लिए तो बहुत महंगा पड़ा लेकिन अभिषेक का नाम टी-20 इतिहास मे दर्ज हो गया।


भारत के लिए तीसरा सबसे तेज शतक
टी-20 मैच में अपनी इस शानदार पारी के बाद अभिषेक इंटरनेशनल टी-20 मैच में भारत की तरफ से तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने इतनी तेजी से अपना शतक पूरा किया। इनसे पहले रोहित शर्मा ने 35 गेंदों में और सूर्यकुमार यादव ने 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया है। वहीं केएल राहुल भी अभिषेक की तरह 46 गेंदों पर शतक बना चुके हैं। इसके साथ ही अभिषेक कम उम्र में शतक पूरा करने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल हो गए हैं वर्तमान में वो 23 साल के हैं। शुभमन गिल और सुरेश रैना ने भी 23 साल की उम्र में अपना पहला शतक लगाया था।


युवराज सिंह का भी तोड़ा रिकॉर्ड
इस मैच में अभिषेक सिंह ने अपने गुरु युवराज सिंह का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अभिषेक स्पीनर्स के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले टी-20 में स्पीनर्स के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के पास था। उन्होंने 2012 में अहमदाबाद में हुई पाकिस्तान के खिलाफ 36 गेंद पर 72 रन बनाए थे जिसमें उन्होंने 54 रन सिर्फ स्पिनरों के खिलाफ बनाए थे। अब अभिषेक शर्मा ने अपनी 100 रनों की पारी में 65 रन स्पीनर्स के खिलाफ बनाकर युवराज का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।