देवरिया। आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है एक के बाद एक घोटालों में आप नेताओं की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है। मनीष सिसोदिया पहले ही सलाखों के पीछे हैं, इस बार पुलिस ने शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार सुबह से ही संजय सिंह के आवास पर ईडी की छापेमारी चल रही थी। ईडी ने पूछताछ के बाद संजय सिंह को हिरासत में ले लिया।


बुधवार रात ईडी की कस्टडी में रहेंगे संजय सिंह
संजय सिंह को बुधवार की पूरी रात ईडी ने अपने ही लॉकअप में रखा, गुरुवार को उनका मेडिकल कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संजय सिंह की गिरफ्तारी की खबर सुनते ही आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता संजय सिंह के निवास में जमा हो गए थे। संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सरकार के खिलाफ बोलना शुरु कर दिया है। मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी से लेकर संजय सिंह की गिरफ्तारी तक को बीजेपी की साजिश बता रही है। इस मामले में संजय सिंह के साथ उनके कुछ कर्मचारियों से भी पूछताछ हुई है।


आबकारी मामले में 13 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
दिल्ली के आबकारी नीति से जुड़े घोटाले में अब तक कुल 13 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। गौरतलब है कि शराब कारोबारी दिनेश अरोड़ा के सरकारी गवाह बनाने के बाद अगले ही दिन ईडी ने संजय सिंह के 125 नॉर्थ एवेन्यू स्थित सरकारी आवास पर छापेमारी की थी। दिनेश अरोड़ा ने बयान में कहा है कि संजय सिंह के अनुरोध पर उसने दिल्ली के रेस्तरां और बार मालिकों से 82 लाख जमा करके मनीष सिसोदिया को चेक के रूप में पार्टी फंड के बहाने दिया था।