देवरिया। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर लगातार सक्रिय है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, अब तक 640 से अधिक भारतीय ईरान से सुरक्षित निकलकर आर्मेनिया और अजरबैजान पहुंच चुके हैं और उनकी भारत वापसी की प्रक्रिया जारी है।

आर्मेनिया और अजरबैजान पहुंचे भारतीय

विदेश मंत्रालय की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार ईरान में मौजूद भारतीयों को सुरक्षित निकालने का काम तेजी से चल रहा है। अब तक 550 भारतीय ईरान की सीमा पार कर आर्मेनिया पहुंच चुके हैं, जबकि 90 भारतीय अजरबैजान में प्रवेश कर चुके हैं। इस तरह कुल 640 से अधिक भारतीय सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने में सफल रहे हैं। इनमें छात्र, नौकरीपेशा लोग, तीर्थयात्री और व्यापारी शामिल हैं।

ईरान में अभी भी करीब 9 हजार भारतीय

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक ईरान में करीब 9,000 भारतीय नागरिक मौजूद हैं। इनमें बड़ी संख्या मेडिकल छात्रों की है। इसके अलावा व्यापारी और धार्मिक यात्रा पर गए तीर्थयात्री भी वहां मौजूद हैं। भारत सरकार लगातार इन सभी नागरिकों से संपर्क में है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

युद्ध के कारण उड़ानों पर असर

पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। स्थिति के कारण कई उड़ानें रद करनी पड़ी हैं।  इससे भारतीय एयरलाइंस की करीब 4,335 और विदेशी एयरलाइंस की 1,187 उड़ानें प्रभावित हुई हैं। इसके चलते लोगों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है।

तेहरान में दूतावास अलर्ट मोड पर

भारतीय दूतावास तेहरान पूरी तरह अलर्ट पर है। सुरक्षा के मद्देनजर तेहरान में पढ़ रहे भारतीय छात्रों को राजधानी से बाहर सुरक्षित शहरों में शिफ्ट किया गया है। दूतावास जरूरतमंद नागरिकों को वीजा, यात्रा और अन्य जरूरी मदद भी उपलब्ध करा रहा है।

तीर्थयात्रियों की वापसी भी जारी

विदेश मंत्रालय के अनुसार ईरान में मौजूद 284 भारतीय तीर्थयात्रियों में से कुछ भारत लौट चुके हैं। बाकी लोगों की वापसी की प्रक्रिया भी जल्द पूरी होने की उम्मीद है। सरकार का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे भारतीयों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है और राज्य सरकारों के साथ समन्वय भी किया जा रहा है।