देवरिया। देश के 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्य और केंद्र सरकार हमेशा अपनी जनता को अपने वोट का सही उपयोग करने के लिए तरह-तरह से जागरूकता अभियान चलाती रहती हैं। इस बार मध्यप्रदेश में भी चुनाव हैं। स्वच्छता और स्वाद के शहर इंदौर ने लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करने के लिए अनोखी पहल शुरू की है।
मतदाता को इंदौर का पोहा-जलेबी मुफ्त
देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के 56 दुकान ट्रेडर्स एसोसिएशन ने फैसला किया है कि जो मतदाता सुबह-सुबह मतदान करके आएगा उसके नाश्ते की व्यवस्था एसोसिएशन की तरफ से मुफ्त में की जाएगी। उस दिन सुबह उन्हें पोहा और जलेबी का नाश्ता मुफ्त में दिया जाएगा। सुबह के 9 बजे तक पोहा जलेबी बिल्कुल मुफ्त मिलेगी। 9 बजे के बाद दिनभर 10 परसेंट का डिस्काउंट मिलेगा। उंगली पर मतदान के बाद वाली स्याही दिखाकर पर यह डिस्काउंट लिया जाएगा।
निर्वाचन आयोग भी चला रहा है जागरुकता अभियान
निर्वाचन आयोग ने भी इंदौर में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया है। भारत निर्वाचन आयोग के डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर अजय भादू और प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन इंदौर आए और यहां दिव्यांग वोटर, यूथ , थर्ड जेंडर सहित युवाओं को मतदान की शपथ दिलाई। साथ ही ज्यादा से ज्यादा वोट डालने के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया।।