देवरिया। गुरुवार की सुबह लखनऊ में हुए दर्दनाक बस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा बस में आग लगने की वजह से हुआ। मृतकों में 2 महिला, 2 बच्चे और एक पुरुष शामिल है। यह हादसा लखनऊ के आउटर इलाके किसान पथ पर मोहनलालगंज के आसपास हुआ। हादसा सुबह  5 बजे के करीब हुआ जब ज्यादातर यात्री सो रहे थे।

60 यात्रियों से भरी थी डबल डेकर बस

जिस बस का हादसा हुआ वो बस 60 यात्रियों से भरी थी। यह डबल डेकर, स्लीपर एसी बस बिहार से लखनऊ होते हुए दिल्ली जा रही थी। एसी बस होने के कारण बस पूरी तरह से बंद थी जिससे लोगों को बाहर निकलने में काफी समय लग गया। बस में जब अचानक धुंआ भरने लगा तब यात्रियों को आग लगने की खबर हुई लेकिन कोई कुछ कर पाता इससे पहले ही आग तेजी से बस में पूरी तरह से फैल गई।

मौके से फरार हुए कंडक्टर और ड्राइवर

सो रहे यात्रियों के बीच जैसे ही आग लगने की खबर फैली बस में देखते ही देखते अफरा तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हड़बड़ी में लोग एक दूसरे के ऊपर गिरने लगे। जिससे ज्यादा लोग आग की चपेट में आ गए। आस-पास के लोगों ने जैसे ही बस में आग लगी देखी तुरंत पुलिस को सूचना दी और फायर ब्रिगेड को बुलाया।

दमकल की 6 गाड़ियों ने बुझाई आग

सूचना मिलते ही पीजीआई मोहनलालगंज , सुशांत गोल्फ सिटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस कि मदद से तुरंत घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बस में लगी आग इतनी भयानक थी कि दमकल की 6 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में बस और बस में रखा यात्रियों का पूरा सामान जलकर खाक हो गया।