देवरिया। भोलेनाथ को प्रिय सावन का पावन महीना आने वाला है। भोले बाबा के भक्त इस पवित्र महीने का पूरे साल इंतजार करते हैं। इस बार सावन का महीना और भी अधिक विशेष फलदायी और शुभ होने वाला है क्योंकि इस साल सावन की शुरुआत भी सोमवार से हो रही है और सावन महीने का अखिरी दिन भी सोमवार ही होगा। ऐसे में आइए जानते हैं इस बार सावन में कितने सोमवार पड़ने वाले हैं और इस बार सावन में कौन-कौन से शुभ संयोग बनेंगे।
72 वर्ष बाद बना ये सुखद संयोग
सावन का महीना इस बार सोमवार से ही शुरु होकर सोमवार को ही खत्म हो रहा है। सोमवार का दिन शिव शंकर का दिन होता है और सावन का पूरा महीना भोलेनाथ की भक्ति का होता है। ऐसे में सावन के महीने का सोमवार को ही शुरु होना और सोमवार को ही खत्म होना बड़ा शुभ संयोग माना जा रहा है। ऐसा संयोग पूरे 72 साल के बाद आ रहा है। यह संयोग सर्वार्थ सिद्धि प्रीति योग और आयुष्मान योग में सावन की शुरुआत होने से बन रहा है। सावन सोमवार की शुरुआत 22 जुलाई से हो रही है और इस बार सावन में अद्भुत संयोग भी बन रहा है।
29 दिन के सावन के महीने में होंगे 5 सोमवार
इस साल सावन का महीना 29 दिन का होगा जिसमें 5 सोमवार आएगा। सावन का पहला सोमवार 22 जुलाई को पड़ेगा और आखिरी सोमवार सावन के आखिरी दिन 19 अगस्त को पड़ने जा रहा है। वैसे तो सावन माह में सोमवार के दिन का विशेष महत्व होता है। सावन में पड़ने वाले सोमवार में शिवजी के लिए व्रत करने पर भोलेनाथ हर मनोकामना पूरी करते हैं।
सावन में पड़ने वाले शुभ संयोग
75 साल बाद आने वाले इस शुभ संयोग के प्रभाव से 22 जुलाई को सावन की शुरुआत के साथ सुबह 5 बजकर 37 मिनट से रात को 10 बजकर 21 मिनट तक सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा। जबकी प्रीति योग 21 जुलाई को रात्रि 9 बजकर 11 मिनट पर शुरू होकर 22 जुलाई को शाम 5 बजकर 58 मिनट पर समाप्त हो जाएगा। तीसरा योग आयुष्मान योग है जो शाम 5 बजकर 58 मिनट से शुरु होकर 23 जुलाई को दोपहर 2 बजकर 36 मिनट पर खत्म हो जाएगा।
सावन के 5 सोमवार की तिथियां
• पहला सोमवार- 22 जुलाई
• सावन दूसरा सोमवार- 29 जुलाई
• सावन तीसरा सोमवार- 5 अगस्त
• सावन चौथा सोमवार- 12 अगस्त
• सावन पांचवा सोमवार- 19 अगस्त